नागपुर: शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपी ‘काल्या’ को घातक धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज घरफोड़ियों के मामलों में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम गश्त के दौरान रिकॉर्ड पर मौजूद अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात आरोपी काल्या जरिपटका इलाके में धारदार हथियार लेकर घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक घातक धारदार हथियार बरामद किया गया।
पूछताछ और पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी लकड़गंज, पारडी और जरिपटका थाना क्षेत्र में दर्ज तीन घरफोड़ियों के मामलों में फरार था। पुलिस अब इन मामलों में उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है।
आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे आगे की जांच के लिए जरिपटका पुलिस के हवाले कर दिया गया है।





