नागपुर: नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज की पार्किंग से चोरी हुई जुपिटर मोपेड का वाहन चोरी विरोधी पथक ने खुलासा किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर 19 वर्षीय आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी की मोपेड बरामद कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, वानाडोंगरी स्टॉप स्थित शालिनी ताई मेघे नर्सिंग कॉलेज के पास पार्किंग से जुपिटर कंपनी की मोपेड चोरी हो गई थी। मामले में एमआईडीसी पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत शिकायत दर्ज की गई थी।
वाहन चोरी की जांच के दौरान वाहन चोरी विरोधी पथक को गुप्त सूचना मिली। साथ ही, पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज की मदद से आरोपी का सुराग जुटाया। जांच के आधार पर पुलिस ने 19 वर्षीय अनुराग धाबर्डे को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई जुपिटर मोपेड बरामद कर ली गई। बरामद वाहन और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए एमआईडीसी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी अन्य वाहन चोरी की वारदात में शामिल रहा है या नहीं।





