
नागपुर: नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश द्वारा युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पंचशील नगर स्थित पंचशील बौद्ध विहार के सामने हुई। शिकायतकर्ता सनी चंद्रिकापुरे अपने मित्र सचिन पिल्ले के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर आशीष विल्सन अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान आशीष विल्सन ने पीछे से धारदार हथियार निकालकर सनी पर हमला कर दिया। हमले में घायल सनी सड़क पर गिर पड़ा। वह किसी तरह जान बचाकर भागने लगा, लेकिन आरोपी और उसके साथियों ने उसका पीछा कर दोबारा हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सनी के सिर पर भी धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
गिट्टीखदान पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष विल्सन और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आशीष विल्सन हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश अभियान चला रही है।




