नागपुर: नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र में शहर से तड़ीपार किए गए एक कुख्यात बदमाश द्वारा युवक पर कुल्हाड़ से हमला करने और जान से मारने की धमकी देकर जबरन शराब मंगवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 29 जुलाई की शाम इंदिरा माता नगर की है। पेंटिंग का काम करने वाले गणेश टेंभरे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान शहर से तड़ीपार किया गया आरोपी दिनेश उर्फ भाड्या आकोड़े वहां पहुंचा और कथित तौर पर कुल्हाड़ से उन पर हमला कर दिया। गणेश ने किसी तरह खुद को बचा लिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए गणेश को जान से मारने की धमकी दी और उसके लिए शराब लाने को कहा। डर के कारण गणेश ने अपनी जान बचाने के लिए आरोपी को शराब लाकर दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आरोपी का आक्रामक व्यवहार दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद एमआईडीसी पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी दिनेश आकोड़े नागपुर शहर से तड़ीपार है और उसके खिलाफ अवैध हथियार रखने, चोरी, मारपीट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि तड़ीपार होने के बावजूद वह शहर में कैसे दाखिल हुआ और क्या उसे किसी की मदद मिली थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





