नागपुर: हसनबाग चौक के पास लॉटरी और गेम पार्लर की आड़ में कथित तौर पर चल रहे मिनी कसीनो का नंदनवन पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 9 अगस्त की रात छापेमारी कर कसीनो मशीनों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान नकदी, कसीनो मशीन, कंप्यूटर और अन्य जुआ सामग्री समेत करीब 2 लाख 260 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, नंदनवन थाने की टीम 9 अगस्त की रात इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान हसनबाग कब्रिस्तान के पास स्थित एक लॉटरी एवं गेम पार्लर में कसीनो मशीनों के जरिए जुआ खिलाए जाने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने रात करीब 11.30 बजे से 12.30 बजे के बीच पार्लर पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान छह लोग कसीनो मशीनों पर पैसे लगाकर हार-जीत का दांव खेलते हुए मिले। पुलिस ने मौके से 3,260 रुपये नकद, दो कंप्यूटर, सात कसीनो मशीनें और अन्य जुआ सामग्री जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैयद मोहम्मद मुसव्विरुद्दीन सलामुद्दीन सैयद काजी (23), अब्दुल सलमान अब्दुल सलाम (34), अब्दुल अजीम अब्दुल रहीम (34), मोहम्मद अकरम मोहम्मद बैतुल्ला (45), काशीनाथ दादाजी येवले (47) और मदन काशीनाथ बड़गे (56) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में पार्लर संचालन से जुड़े कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब दुकान के संचालन और जुए के इस कथित अड्डे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यहां जुए का संचालन कब से किया जा रहा था।
नंदनवन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त कंप्यूटर और कसीनो मशीनों की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कैलाश देशमाने के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने क्षेत्र में लॉटरी सेंटर और गेम पार्लर की आड़ में चल रही अवैध गतिविधियों पर भी नजर बढ़ा दी है।





