Published On : Thu, Jul 2nd, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर रेलवे स्टेशन पर दिल्ली की दो लापता बहनें सुरक्षित मिलीं

दिल्ली से बिना बताए निकली थीं दोनों बहनें, नागपुर रेलवे स्टेशन पर मिलीं; जीआरपी और चाइल्ड लाइन की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
Advertisement

नागपुर – नागपुर रेलवे पुलिस ने सतर्कता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिल्ली से लापता दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर एक बड़े अपहरण प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। दोनों बच्चियां नई दिल्ली के मैदान गढ़ी थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण मामले से संबंधित थीं। समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई और बच्चियों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया।

रेलवे पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर करीब 15 और 13 वर्ष की दो नाबालिग बालिकाएं बिना किसी अभिभावक के संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों को विश्वास में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे 26 जून को दिल्ली स्थित संजय कॉलोनी, भाटी माइंस, टेलीफोन मोहल्ला स्थित अपने घर से बिना किसी को बताए छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ जाने के लिए निकली थीं। डोंगरगढ़ घूमने के बाद वे वापस दिल्ली लौटने के लिए नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं।

पुलिस ने जब दोनों के परिजनों की तलाश की तो पता चला कि नई दिल्ली के मैदान गढ़ी पुलिस थाने में उनके अपहरण का मामला पहले से दर्ज है। इसके बाद रेलवे पुलिस ने तत्काल दोनों बच्चियों को सुरक्षा और देखभाल के लिए पाटणकर चौक स्थित बालगृह में भेज दिया। अब दिल्ली पुलिस और उनके परिजनों के नागपुर पहुंचने के बाद सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्चियों को उनके परिवार के सुपुर्द किया जाएगा।

रेलवे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि समय रहते दोनों बच्चियों को सुरक्षित नहीं पाया जाता, तो उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती थी। जीआरपी और चाइल्ड लाइन की सजगता तथा त्वरित कार्रवाई से दोनों बच्चियों की सुरक्षित घर वापसी का रास्ता साफ हुआ।

Advertisement

जून महीने में 10 बच्चों को सुरक्षित बचाया

नागपुर रेलवे पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जून 2026 के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में बिना अभिभावक मिले कुल 10 नाबालिग बच्चों और बच्चियों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। सभी को बालगृह में सुरक्षित रखकर उनके परिजनों का पता लगाया गया और उन्हें सकुशल परिवार से मिलाने में सफलता मिली।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई रेलवे नागपुर के पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ताराम राठोड तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी पांडुरंग सोनावणे के मार्गदर्शन में प्रभारी अधिकारी गौरव गावंडे के निर्देशन में संपन्न हुई। कार्रवाई में महिला पुलिसकर्मी शबाना खान, पुलिस हवलदार भूपेश धोंगड़ी तथा चाइल्ड लाइन की दीपाली धमगाये, रणजीत कुंभरे और नितेश सांगोडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नागपुर रेलवे पुलिस की यह कार्रवाई न केवल कानून-व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सतर्क पुलिसिंग और समय पर हस्तक्षेप से मासूम बच्चों की जिंदगी सुरक्षित की जा सकती है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.