Published On : Thu, Jul 2nd, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर ACB की अनूठी पहल: भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाने वाले सरकारी वकीलों का हुआ सम्मान

Advertisement

नागपुर: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) नागपुर परिक्षेत्र ने भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को सजा दिलाने वाले सरकारी अभियोजकों और कोर्ट पैरवी अधिकारियों का विशेष सम्मान किया। इस पहल का उद्देश्य भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी न्यायिक कार्रवाई को प्रोत्साहित करना और व्यवस्था में पारदर्शिता का संदेश देना है।

एसीबी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में वर्ष 2025 और 2026 के उन मामलों का उल्लेख किया गया, जिनमें मजबूत साक्ष्यों और प्रभावी कानूनी पैरवी के आधार पर अदालतों ने भ्रष्ट लोकसेवकों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।

एसीबी अधिकारियों ने कहा कि रिश्वतखोरों को रंगेहाथ पकड़ना भ्रष्टाचार के खिलाफ पहला कदम है, लेकिन वास्तविक सफलता तब मानी जाती है जब न्यायालय दोष सिद्ध कर आरोपियों को सजा सुनाता है। इससे भ्रष्टाचार करने वालों में कानून का भय पैदा होता है और समाज में सख्त संदेश जाता है।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि जहां ट्रैप और जांच अधिकारी भ्रष्टाचार के मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं अदालत में सरकारी पक्ष को प्रभावी ढंग से रखने वाले सरकारी अभियोजकों का योगदान भी बेहद अहम होता है।

Advertisement

इस अवसर पर सरकारी अभियोजक लीलाधर शेन्द्रे, पंकज तपासे, गिरीश दुबे, अभय जिकार और रविकुमार आष्टोनकर को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं कोर्ट पैरवी अधिकारी पुलिस निरीक्षक मयूर चौरसिया, पुलिस हवलदार राहुल बारई, पुलिस हवलदार प्रकाश धमगाये तथा महिला पुलिस शिपाई अश्विनी मोहोड को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।

एसीबी ने बताया कि इन मामलों में न्यायालयों ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भ्रष्टाचार के आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई, जिससे जांच और अभियोजन की प्रभावशीलता सिद्ध हुई।

कार्यक्रम के दौरान एसीबी ने नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, गड़चिरोली और चंद्रपुर जिले के नागरिकों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी, कर्मचारी या उसके नाम पर कोई एजेंट वैध शुल्क के अलावा रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल एंटी करप्शन ब्यूरो को दें। एसीबी ने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और शिकायतकर्ता का वैध सरकारी कार्य नियमानुसार कराया जाएगा।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.