
नागपुर: नागपुर के गिट्टीखदान पुलिस थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन के सिम कार्ड को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। हमले में बड़े भाई राहुल कैलाश उपाध्याय के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को मेडिकल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई निखिल कैलाश उपाध्याय को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिम कार्ड को लेकर दोनों भाइयों में विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल कैलाश उपाध्याय और उसका छोटा भाई निखिल कैलाश उपाध्याय नागपुर के पीटेसुर झोपड़पट्टी परिसर में रहते हैं। दोनों भाई मजदूरी करते हैं। शनिवार दोपहर मोबाइल फोन के सिम कार्ड को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में निखिल ने राहुल पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में राहुल के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह घायल हो गया।
मेडिकल अस्पताल में उपचार जारी
घटना की जानकारी मिलने पर गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंची। घायल राहुल को तत्काल मेडिकल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



