
नागपुर /रामटेक: नागपुर जिले की रामटेक तहसील स्थित नेहरू मैदान में रामटेक रास गरबा 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मराठी फिल्म अभिनेत्री रिंकू राजगुरु विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजन में राज्य मंत्री एड. आशीष जायसवाल और भाजपा जिला उपाध्यक्ष उदय सिंह यादव की प्रमुख उपस्थिति रही।
रामटेक में पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे रास गरबा महोत्सव को इस वर्ष भी उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। गरबा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और 600 से अधिक युवाओं ने आयोजन में सहभाग लिया।
विजेता को मिला 1 लाख 11 हजार रुपये का पुरस्कार
इस वर्ष आयोजन समिति की ओर से गरबा प्रतियोगिता के प्रथम विजेता के लिए 1 लाख 11 हजार रुपये का आकर्षक पुरस्कार रखा गया था। इसके अलावा विजेताओं को वॉशिंग मशीन, लैपटॉप, फ्रिज सहित कई अन्य पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
अभिनेत्री रिंकू राजगुरु की उपस्थिति ने बढ़ाई रौनक
फिल्म अभिनेत्री रिंकू राजगुरु की उपस्थिति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। उनकी मौजूदगी से आयोजन की रौनक बढ़ गई। रामटेक रास गरबा महोत्सव ने एक बार फिर क्षेत्र में सांस्कृतिक उत्सव और युवा सहभागिता की परंपरा को आगे बढ़ाया।
प्रतिनिधी अजय मेहरकुळे रामटेक



