नागपुर: नागपुर शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। चोर अब इतने बेखौफ हो चुके हैं कि घर में परिवार के मौजूद रहने के बावजूद चोरी की वारदातों को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे। ताजा मामला तहसील थाना क्षेत्र के टिमकी स्थित चीमाबाई पेठ परिसर का है, जहां एक ही रात में पांच घरों के ताले तोड़कर सेंधमारी की गई। राहत की बात यह है कि आरोपी चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, टिमकी के चीमाबाई पेठ परिसर में रहने वाले आकाश सूर्यवंशी एमएसएफ में कार्यरत हैं। घटना वाली रात आकाश अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि उनका परिवार घर की पहली मंजिल पर सो रहा था। घर के निचले हिस्से में ताला लगा हुआ था।
देर रात एक अज्ञात चोर ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने आसपास के चार अन्य घरों को भी निशाना बनाया। दीपक गुटकेवार, पुंडलिक गोडपागे और गोपाल रणदीवे समेत कुल पांच घरों के ताले तोड़े गए। हालांकि अन्य घरों से चोर को कोई खास सामान हाथ नहीं लग सका।
सुबह ड्यूटी से लौटे आकाश सूर्यवंशी ने घर का ताला टूटा देखा और अंदर रखा सामान गायब पाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तहसील पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे इलाके की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली, जिसमें संदिग्ध चोर दिखाई दे रहा है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।





