Published On : Mon, Jun 15th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर में एनडीपीएस टीम की बड़ी कार्रवाई: 65 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

9 लाख का माल जब्त
Advertisement

नागपुर – शहर में तेजी से फैल रहे मादक पदार्थों के कारोबार पर लगाम कसने के लिए क्राइम ब्रांच के एनडीपीएस पथक ने बड़ी और सटीक कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को 65 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का नशीला पदार्थ, मोबाइल फोन और दो एक्टिवा मोपेड जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय ड्रग्स तस्करों और नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 15 जून 2026 की तड़के एनडीपीएस पथक की टीम बेलतरोडी थाना क्षेत्र के नरहरी नगर स्थित वास्तु रेसिडेंसी के सामने गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो एक्टिवा मोपेड के पास चार युवक संदिग्ध हालात में खड़े दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदेहास्पद लगने पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी। आरोपियों के कब्जे से 65 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर, चार मोबाइल फोन और दो एक्टिवा मोपेड बरामद किए गए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पियुष मारोतराव मलवंडे (30), राहुल संजय गोराडे (36), आर्य श्यामकुमार गोरेले (23) और मनीष सुनील दुर्वे के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी पियुष मलवंडे ने फरार आरोपी प्रतीक किंदरले से एमडी ड्रग्स खरीदी थी। वहीं राहुल, आर्य और मनीष नशीला पदार्थ खरीदने के उद्देश्य से उसके संपर्क में आए थे।

Advertisement

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मुख्य आरोपी पियुष मलवंडे के खिलाफ वाड़ी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। राहुल गोराडे पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी रह चुका है। आर्य गोरेले पर मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित तीन अपराध दर्ज हैं, जबकि मनीष दुर्वे के खिलाफ शरीर संबंधी अपराधों और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

फरार सप्लायर की तलाश तेज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। ड्रग्स सप्लाई करने वाले फरार आरोपी प्रतीक किंदरले की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई शहर में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ा प्रहार है। नागपुर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

यह उल्लेखनीय कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम) दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में एनडीपीएस पथक के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन गुल्हाने तथा उनकी टीम ने अंजाम दी। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.