
विभाग को आनंदगांव में एक मकान में नकली देशी और विदेशी शराब तैयार किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने संबंधित मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान नकली शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ बड़ी मात्रा में तैयार माल बरामद किया गया।
विभाग के अनुसार, छापे में रॉकेट संत्रा देशी शराब की 90 एमएल क्षमता वाली 204 बोतलें, टँगो पंच देशी शराब की 90 एमएल क्षमता वाली 156 बोतलें और रॉयल स्टैग विदेशी शराब की 180 एमएल क्षमता वाली 408 बोतलें जब्त की गईं।
इसके अलावा नकली शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 1,500 बल्क लीटर तैयार ब्लेंड और 1,000 बल्क लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट सहित अन्य सामग्री भी विभाग के हाथ लगी।
शराब और अन्य सामग्री की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप और हुंडई आई-20 कार को भी विभाग ने जब्त कर लिया है।
राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध एवं नकली शराब के कारोबार में सक्रिय लोगों में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच विभाग द्वारा की जा रही है।



