
नागपुर: शहर की सड़कों पर शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने जमकर उत्पात मचाया। प्रजापति नगर से सीए रोड होते हुए वाठोडा चौक तक तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए चालक ने रास्ते में कई लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भांडेवाड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।
प्रजापति नगर से वाठोडा चौक तक मचाया आतंक
जानकारी के अनुसार, कार चालक शराब के नशे में धुत था और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए सड़क पर लोगों की जान जोखिम में डाल रहा था। प्रजापति नगर से सीए रोड होते हुए वाठोडा चौक की ओर जाते समय उसने रास्ते में एक के बाद एक कई लोगों को टक्कर मार दी। अचानक हुए इन हादसों से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
दोपहिया सवार समेत कई लोग घायल
इस घटना में दोपहिया वाहन सवार संतोष नंदनवार, पोहा ठेला संचालक नैनेश्वर गायकवाड और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
भांडेवाड़ी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही भांडेवाड़ी पुलिस हरकत में आई और तत्काल कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बेसा निवासी 40 वर्षीय संदेश बाबूलाल नामदेव के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मेडिकल जांच के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल भांडेवाड़ी पुलिस मामले की जांच कर रही है।



