Published On : Thu, Jul 2nd, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर में ट्रकों की डबल रजिस्ट्रेशन का फर्जीवाड़ा उजागर, तीन आरोपियों पर FIR

Advertisement

नागपुर: नागपुर में फर्जी दस्तावेजों के जरिए ट्रकों का दोबारा पंजीयन (डबल रजिस्ट्रेशन) कर शासन को कथित रूप से धोखा देने का मामला सामने आया है। कपिलनगर पुलिस ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के मोटर वाहन निरीक्षक की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मोटर वाहन निरीक्षक होमेश चंद्रकांत काळे ने जांच के दौरान पाया कि वर्ष 2022 में चार ट्रकों को अरुणाचल प्रदेश से महाराष्ट्र लाकर उनका दोबारा पंजीयन कराया गया। जांच में सामने आया कि इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेज कथित रूप से फर्जी तरीके से तैयार किए गए थे।

प्राथमिक जांच के मुताबिक, पहले ट्रकों के लिए मध्यप्रदेश के देवास से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर अरुणाचल प्रदेश में पुनः पंजीयन कराया गया। इसके बाद उन्हीं वाहनों को नागपुर ग्रामीण RTO में प्रस्तुत कर महाराष्ट्र का नया रजिस्ट्रेशन नंबर हासिल किया गया। आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया के जरिए शासन को धोखा देकर अवैध लाभ लेने का प्रयास किया गया।

इस मामले में मोहम्मद हुसैन मोहम्मद इस्माईल, दिनेश कुमार ओमप्रकाश और मोहम्मद एजाज अब्दुल रहमान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कथित फर्जीवाड़े में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं तथा क्या इसी तरह अन्य वाहनों का भी दोबारा पंजीयन कराया गया है।

Advertisement

जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इस मामले का संबंध किसी बड़े वाहन चोरी या फर्जी वाहन रजिस्ट्रेशन गिरोह से तो नहीं है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के मामलों की जांच के लिए पुलिस आयुक्त द्वारा विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। कपिलनगर पुलिस अब इस प्रकरण और SIT की जांच के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.