Published On : Mon, Jun 8th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

क्राइम ब्रांच का ‘ऑपरेशन क्लीन’: नए डीसीपी दीपक अग्रवाल का बड़ा एक्शन, 15 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

नागपुर: नागपुर क्राइम ब्रांच ने नए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 13 ताबड़तोड़ कार्रवाइयां कीं। इस विशेष अभियान में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अवैध शराब, चोरी के वाहन, मोबाइल, हथियार और घरेलू गैस सिलेंडरों के काले कारोबार का भी पर्दाफाश किया गया।

हाल ही में क्राइम ब्रांच की कमान संभालने वाले डीसीपी दीपक अग्रवाल के निर्देश पर सभी यूनिटों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर अपराध जगत को कड़ा संदेश दिया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शराब माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई

गिट्टीखदान, नंदनवन, जरीपटका, सोनेगांव, पांचपावली और भांडेवाड़ी क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने छह अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में महुआ शराब, शराब की बोतलें और नकदी बरामद की गई। कई अवैध अड्डों को भी ध्वस्त किया गया।

Advertisement

वाहन और मोबाइल चोरों का भंडाफोड़

क्राइम ब्रांच ने तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक विधि संघर्षग्रस्त बालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोपहिया गाड़ियां और महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

हथियारों के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

सीताबर्डी और कोतवाली थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की तैयारी में थे।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान एक युवक को गांजा सेवन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गैस सिलेंडर के काले कारोबार का पर्दाफाश

सक्करदरा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बड़ी संख्या में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर, सिगड़ियां और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

34 सक्रिय बदमाशों की जांच

अभियान के दौरान मारपीट, दंगा और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल 34 सक्रिय अपराधियों की भी जांच-पड़ताल की गई। कई संदिग्धों को चेतावनी दी गई और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल शुरुआत है। शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.