नागपुर: नागपुर शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा ने 8 से 9 सितंबर के बीच बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न अपराधों में 18 कार्रवाइयां कीं। इन कार्रवाइयों में 21 आरोपियों/वांछित आरोपियों का उल्लेख है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 30.85 लाख रुपए से अधिक का मुद्देमाल जब्त किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा के डीसीपी दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में विभिन्न पथकों द्वारा की गई।
अपराध शाखा की इस कार्रवाई में जुआ, अवैध शराब, प्रतिबंधित हथियार, वाहन चोरी, चोरी के वाहनों के स्पेयर पार्ट्स, सेंधमारी के मामले में वांछित आरोपी तथा प्रतिबंधित नायलॉन मांजे के खिलाफ कार्रवाई शामिल है। इनमें नायलॉन मांजे के खिलाफ की गई 7.45 लाख रुपए की कार्रवाई और वाहन स्पेयर पार्ट्स के मामले में करीब 30 लाख रुपए का माल जब्त करना विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।
नायलॉन मांजे पर बड़ी कार्रवाई, 7.45 लाख का माल जब्त
सामाजिक सुरक्षा पथक और एएचटीयू पथक ने यशोधरा नगर क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मोनो काइट नायलॉन मांजे के खिलाफ शिकंजा कसा। कार्रवाई में 180 नग नायलॉन मांजा, जिसकी कीमत करीब 5.40 लाख रुपए है, जब्त किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने 1.20 लाख रुपए की ई-रिक्शा, 75 हजार रुपए की सुजुकी मोपेड और करीब 10 हजार रुपए का मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस कार्रवाई में कुल 7.45 लाख रुपए का माल बरामद हुआ। मामले में एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि फैजान अंसारी को वांछित आरोपी बताया गया है।
वाहन स्पेयर पार्ट्स का करीब 30 लाख का माल बरामद
वाहन चोरी विरोधी पथक ने ऑल आउट ऑपरेशन के दौरान कपिलनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने विभिन्न वाहनों के करीब 30 से 40 इंजन और अन्य स्पेयर पार्ट्स, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए है, बरामद किए। इसके साथ ही एमएच-40-बीजी-4937 क्रमांक का ट्रक भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 124 के तहत कार्रवाई की गई।
चोरी की ट्रैवल बस बरामद, दो आरोपी पकड़े
वाहन चोरी विरोधी पथक ने बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में हुई ट्रैवल बस चोरी का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर टाटा कंपनी की मिनीबस बरामद की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई।
सेंधमारी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्त में
यूनिट क्रमांक 6 ने गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में सेंधमारी के मामलों में वांछित आरोपी को दबोचा। उसके कब्जे से करीब 16 हजार रुपए कीमत के चांदी के आभूषण बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
जुआ अड्डों पर छापे, छह पर कार्रवाई
अपराध शाखा ने राणाप्रताप नगर, सक्करदरा, सदर, हुडकेश्वर और नंदनवन थाना क्षेत्रों में जुआ विरोधी अभियान चलाया। इन पांच अलग-अलग कार्रवाइयों में छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन मामलों में नकदी समेत जुआ सामग्री जब्त की।
अवैध शराब कारोबारियों पर भी शिकंजा
सक्करदरा, गिट्टीखदान, खापरखेड़ा और कपिलनगर समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ पांच कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हजारों रुपए कीमत की अवैध शराब बरामद की।
चाकू लेकर घूमने वालों पर कार्रवाई
वाडी और इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में अपराध शाखा की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा। दोनों के पास से लोहे के बड़े आकार के चाकू बरामद किए गए।
संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर
लकड़गंज थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 122(अ) के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयां की गईं। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
18 कार्रवाइयों में अपराध शाखा का कड़ा संदेश
8 और 9 सितंबर के दौरान अपराध शाखा की विभिन्न टीमों द्वारा की गई इन 18 कार्रवाइयों से शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। जुआ और अवैध शराब से लेकर हथियार, वाहन चोरी, सेंधमारी और प्रतिबंधित नायलॉन मांजे तक अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30.85 लाख रुपए से अधिक का मुद्देमाल जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार शहर में अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रविकांत कांबले




