Published On : Tue, Sep 15th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

कन्वेयर बेल्ट में फंसा हाथ, कंधे से हुआ अलग; 30 वर्षीय कामगार की मौत

Advertisement

Auto Draft

नागपुर: एमआईडीसी थाना क्षेत्र स्थित एक कंपनी में सोमवार सुबह काम के दौरान दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय कामगार की मौत हो गई। निको हेवी इंजीनियरिंग कास्टिंग लिमिटेड में काम करते समय रोहित रामदुलार चौबे का हाथ कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसका हाथ कंधे से अलग हो गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और मेडिकल अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आया हाथ

हादसा सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे प्लॉट नंबर 65/2 स्थित निको हेवी इंजीनियरिंग कास्टिंग लिमिटेड में हुआ। मृतक की पहचान पंचशील नगर, इसासनी निवासी रोहित रामदुलार चौबे (30) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रोहित रोज की तरह सुबह काम पर पहुंचा था। वह लोहा पिघलाने वाली भट्टी के पास रेती-मिट्टी ऊपर ले जाने वाली क्रेन पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आ गया। हादसे में उसका हाथ कंधे से अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

Advertisement

अलग हुआ हाथ भी साथ लेकर अस्पताल पहुंचे सहकर्मी

हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारियों ने क्रेन बंद कर रोहित को नीचे उतारा। सहकर्मी अलग हुए हाथ को भी साथ लेकर उसे उपचार के लिए डिगडोह स्थित लता मंगेशकर अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया।

हालांकि, मेडिकल अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहित को मृत घोषित कर दिया।

पहली बार ऊंचाई पर काम करने की बात

सहकर्मियों के अनुसार, रोहित पहले प्लंबर सहायक के तौर पर काम करता था और दूसरी जगह नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि पहली बार उसे इतनी ऊंचाई पर काम करने के लिए भेजा गया था। हादसे के बाद कंपनी में भी शोक का माहौल है।

चार माह के बच्चे के सिर से उठा पिता का साया

रोहित के परिवार में उसकी पत्नी और महज चार माह का बच्चा है। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

एमआईडीसी पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.