नागपुर: शहर में चेन स्नैचरों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। शनिवार को सक्करदरा, हुडकेश्वर और बेलतरोडी थाना क्षेत्रों में महज कुछ घंटों के भीतर महिलाओं को निशाना बनाकर तीन अलग-अलग चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया गया। तीनों मामलों में दो अज्ञात बदमाश काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थलों के अहम सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पहली वारदात सक्करदरा थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 3:40 बजे हुई। बस का इंतजार कर रही सुनीता जाधव के गले से दो बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए।
इसके महज पांच मिनट बाद दूसरी घटना हुडकेश्वर थाना क्षेत्र के सूभेदार लेआउट में हुई। शीला पौणिकर पैदल अपने घर लौट रही थीं, तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने उनके गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
तीसरी वारदात रात करीब 10:30 बजे बेलतरोडी थाना क्षेत्र के बेसा चौक स्थित गौरी मिडास अपार्टमेंट के पास हुई। शालू ढवस अपनी बेटी और पड़ोसन के साथ टहलकर लौट रही थीं। तभी काले रंग की बाइक पर आए दो युवकों ने पीछे से उनका 10 ग्राम वजनी मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए।
तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि तीनों वारदातों का तरीका और काले रंग की बाइक का इस्तेमाल एक ही गैंग की ओर इशारा करता है। फिलहाल आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।





