नागपुर: नशे के खिलाफ अभियान के तहत नागपुर क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स के अलावा दो मोबाइल फोन और एक मोपेड सहित करीब ₹2.80 लाख का माल जब्त किया है।
यह कार्रवाई अंबाझरी थाना क्षेत्र के धरमपेठ स्थित शिवाजीनगर कंप्यूटर भवन के पास स्पोर्ट्स सेंटर के सामने सार्वजनिक सड़क पर की गई।
पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक दोपहिया वाहन पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से 9 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नावेद उर्फ नेहाब शेख और लखन हिरणवार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक मोपेड भी जब्त की है। जब्त किए गए पूरे माल की अनुमानित कीमत करीब ₹2.80 लाख बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, नावेद के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं, जबकि लखन हिरणवार के खिलाफ हत्या और ड्रग्स तस्करी से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अंबाझरी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी एमडी ड्रग्स कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे करने वाले थे।





