
नागपुर – नागपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गिट्टीखदान पुलिस थाना क्षेत्र के अनंत नगर स्थित अहबाव कॉलोनी में चार नकाबपोश बदमाशों ने घर में अकेली रह रही 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट कर उनके हाथों की सोने की चूड़ियां और गले की चेन समेत करीब 11 तोले सोने के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना में घायल महिला को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात 11.45 बजे घर में घुसे चार नकाबपोश
जानकारी के अनुसार, राजा जमशेद शरीफ अपनी 82 वर्षीय मां राफिया शरीफ के साथ अनंत नगर की अहबाव कॉलोनी में रहते हैं। गुरुवार रात राजा किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रात करीब 11.45 बजे चार नकाबपोश आरोपी जबरन घर में घुस आए। घर में अकेली बुजुर्ग महिला को देखकर आरोपियों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
विरोध करने पर बुजुर्ग महिला से मारपीट
आरोपियों ने महिला को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उनके हाथों में पहनी सोने की चूड़ियां और गले में मौजूद सोने की चेन सहित करीब 11 तोले सोने के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी वहां से फरार हो गए।
पड़ोसियों की मदद से पहुंची पुलिस
लूटपाट के बाद घायल राफिया शरीफ ने किसी तरह पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात को अंजाम देने वाले नकाबपोश बदमाशों की पहचान करने के लिए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चारों आरोपी किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर की गई इस वारदात से परिसर में चिंता का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



