
नागपुर– नागपुर में प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर कारोबारी से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में आरोपियों पर कारोबारी की कार का रास्ता रोकने, मारपीट करने और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। मामले में सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके दो अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धरमपेठ निवासी लखन हिरनवार और सदर के गवलीपुरा निवासी आकाश कटारिया के रूप में हुई है। पुलिस जांच में लखन के खिलाफ पहले से हत्या और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, आकाश के खिलाफ मारपीट, अवैध हथियार रखने और विनयभंग सहित 11 आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड बताया गया है।
गांधी चौक के पास रोकी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 सितंबर की शाम गांधी चौक स्थित सुलभ शौचालय के पास हुई। सदर निवासी 40 वर्षीय कारोबारी विशाल मिश्रा अपने एक दोस्त के साथ कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान लखन हिरनवार, आकाश कटारिया और उनके दो अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कारोबारी की कार का रास्ता रोक लिया और प्रॉपर्टी डीलिंग करने के लिए 50 हजार रुपये देने की मांग की।
रकम देने से इनकार किया तो मारपीट
कारोबारी विशाल मिश्रा ने जब कथित तौर पर रंगदारी की रकम देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कारोबारी दहशत में आ गए। घटना के बाद उन्होंने सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों के संबंध में गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने धरमपेठ इलाके में कार्रवाई की और लखन हिरनवार तथा आकाश कटारिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर रकम मांगने, कारोबारी के साथ मारपीट करने और पिस्टल दिखाकर धमकाने के आरोपों के संबंध में आगे की जांच जारी है।



