Published On : Wed, May 27th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर में 24 घंटे में 3 फांसीकांड, किशोरी समेत तीन की मौत से सनसनी

यशोधरा नगर, हुडकेश्वर और हिंगना थाना क्षेत्र में आत्महत्या की घटनाओं से मचा हड़कंप
Advertisement

नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में बीते 24 घंटे के भीतर किशोरी समेत तीन लोगों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए इन मामलों के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। तीनों घटनाओं में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पढ़ाई छोड़ चुकी किशोरी ने घर में लगाई फांसी

पहली घटना यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के वनदेवी नगर की है। यहां 17 वर्षीय रोशनी रवि गिरी ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अपने घर में सीलिंग फैन से चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली।

जानकारी के अनुसार रोशनी ने कुछ समय पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। उसके माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

बीमारी और तनाव से परेशान युवक ने खेत में लगाया फंदा

Advertisement

दूसरी घटना हिंगना थाना क्षेत्र के मोंढा इलाके में सामने आई। यहां 24 वर्षीय जयंत तुलशीराम तरारे ने खेत में पेड़ से रस्सी बांधकर आत्महत्या कर ली।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव और बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

शराब की लत और तनाव के बीच बुजुर्ग ने दी जान

तीसरी घटना हुडकेश्वर थाना क्षेत्र के नरसाला स्थित नीलकमल नगर की है। यहां 53 वर्षीय गोपाल दत्तोपंत टेके ने घर के स्लैब में लगे लोहे के एंगल से रस्सी बांधकर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि गोपाल को शराब की लत थी और वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया।

बढ़ते आत्महत्या के मामलों से बढ़ी चिंता

लगातार सामने आ रहे आत्महत्या के मामलों ने समाज और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। मानसिक तनाव, बीमारी, आर्थिक परेशानी और पारिवारिक दबाव जैसी परिस्थितियां इन घटनाओं की संभावित वजह मानी जा रही हैं।

तीनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.