Published On : Sat, May 30th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

महल के “आशीष एनएक्स” शोरूम में भीषण आग

लाखों के नुकसान की आशंका
Advertisement

नागपुर टुडे : नागपुर के महल क्षेत्र में शनिवार सुबह एक रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते शोरूम का पूरा एक फ्लोर उसकी चपेट में आ गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, महल स्थित प्रसिद्ध रेडीमेड कपड़ों के शोरूम “आशीष एनएक्स” में शनिवार सुबह करीब 7 बजे अचानक आग लग गई। शोरूम में बड़ी मात्रा में रखे कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग तक पहुंचने में आ रही कठिनाइयों के कारण दमकल कर्मियों को शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार तोड़नी पड़ी, ताकि धुएं और आग को बाहर निकलने का रास्ता मिल सके और राहत कार्य में तेजी लाई जा सके।

घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग ने एहतियातन पूरे इलाके को घेर लिया तथा लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी।

Advertisement

प्रारंभिक जांच में आग लगने का सटीक कारण सामने नहीं आया है, लेकिन अधिकारियों को शॉर्ट सर्किट की आशंका है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक कारण और नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह शोरूम से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी और नुकसान का आकलन तैयार किया जाएगा।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.