
नागपुर टुडे – कोराड़ी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही 17 वर्षीय किशोरी के साथ दो नकाबपोश युवकों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने किशोरी को रुमाल सुंघाकर बेहोश किया और उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के कई महीने बाद पेट में दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल पहुंची किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
घर के बाहर टहल रही थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, घटना जनवरी 2026 की बताई जा रही है। किशोरी मूल रूप से पारशिवनी क्षेत्र की रहने वाली है और कोराड़ी में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। घटना वाली रात करीब साढ़े दस बजे वह भोजन करने के बाद घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि दोनों में से एक युवक ने किशोरी को जबरन रुमाल सुंघा दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोपियों ने उसे वंजारी भवन के समीप सड़क किनारे ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
डर के कारण किसी को नहीं बताई घटना
होश में आने के बाद किशोरी बुरी तरह सहम गई थी। बदनामी और डर के चलते उसने इस घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं दी। समय बीतता गया और मामला सामने नहीं आया।
कुछ समय बाद रक्षाबंधन के सिलसिले में जब किशोरी अपने घर पारशिवनी गई, तो उसे अचानक पेट में तेज दर्द होने लगा। परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर उसका उपचार कराया। इसके बाद उसे नागपुर के मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकीय जांच के दौरान किशोरी के गर्भवती होने की बात सामने आई। यह जानकारी मिलते ही परिजन सकते में आ गए।
मेडिकल रिपोर्ट से शुरू हुई जांच
मामला सामने आने के बाद प्रारंभिक तौर पर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पारशिवनी थाने में जीरो कायमी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जांच में घटनास्थल कोराड़ी थाना क्षेत्र में होने की पुष्टि होने के बाद प्रकरण को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत कोराड़ी पुलिस को सौंप दिया गया।
कोराड़ी पुलिस ने रविवार को मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तरों पर जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों संदिग्ध नकाबपोश आरोपियों का कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।




