
नागपुर टुडे – नागपुर शहर में 15 साल की निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप कराने के बजाय उनके मालिक अब ग्रीन टैक्स भरकर उन्हें सड़क पर चलाने की अवधि बढ़वा रहे हैं। जनवरी से जुलाई 2026 तक महज सात महीनों में 8,716 पुराने वाहनों के मालिकों ने ग्रीन टैक्स जमा कर अपने वाहनों की मियाद बढ़वाई है। इससे नागपुर आरटीओ को 3 करोड़ 19 लाख 14 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
ग्रीन टैक्स जमा करने के बाद और आरटीओ की जांच में वाहन निर्धारित मानकों पर खरा उतरने पर उसे अगले पांच वर्षों तक सड़क पर चलाने की अनुमति दी जाती है। ऐसे में पुराने वाहन मालिकों के लिए यह व्यवस्था राहत का विकल्प बनकर सामने आई है।
15 साल बाद वाहनों पर लगती है रोक
नियमानुसार किसी भी वाहन की सामान्य संचालन अवधि 15 वर्ष होती है। यह अवधि पूरी होने के बाद वाहन को प्रदूषण और पर्यावरणीय प्रभावों के लिहाज से अनुपयुक्त माना जाता है। पुराने वाहनों से अधिक धुआं निकलने तथा ध्वनि प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए ऐसे वाहनों को स्क्रैप करने का प्रावधान है।
हालांकि, वाहन मालिक के पास अपने वाहन को दोबारा दुरुस्त कर आरटीओ के समक्ष फिटनेस एवं आवश्यक जांच के लिए प्रस्तुत करने का विकल्प रहता है। जांच में वाहन निर्धारित तकनीकी और पर्यावरणीय मानकों पर खरा उतरने पर ग्रीन टैक्स जमा कर उसकी संचालन अवधि आगे बढ़ाई जा सकती है।
सात माह में 3.19 करोड़ की कमाई
आरटीओ से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में जनवरी से जुलाई तक 8,716 वाहनों से 3 करोड़ 19 लाख 14 हजार रुपये ग्रीन टैक्स के रूप में वसूले गए। इससे साफ है कि पुराने वाहनों को सड़क से हटाने के बजाय निर्धारित शर्तों के तहत उन्हें अतिरिक्त अवधि देने की व्यवस्था का बड़ी संख्या में वाहन मालिक लाभ उठा रहे हैं।
चार वर्षों में करीब 14 करोड़ का राजस्व
ग्रीन टैक्स से आरटीओ को पिछले चार वर्षों में भी लगातार बड़ा राजस्व मिला है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 9,658 वाहनों से 2 करोड़ 66 लाख 77 हजार रुपये, वर्ष 2024 में 1,216 वाहनों से 3 करोड़ 26 लाख रुपये और वर्ष 2025 में 18,461 वाहनों से 4 करोड़ 95 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वर्ष 2026 के पहले सात महीनों में ही 8,716 वाहनों से 3.19 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। इन आंकड़ों को मिलाकर चार वर्षों में ग्रीन टैक्स से आरटीओ को करीब 14 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
रोड टैक्स से भी 5.34 करोड़ जुटाए
ग्रीन टैक्स के अलावा आरटीओ ने पिछले चार वर्षों में सामान्य वाहनों से रोड टैक्स के रूप में भी 5 करोड़ 34 लाख 51 हजार 172 रुपये का अतिरिक्त राजस्व वसूल किया है।
यह जानकारी आरटीआई एक्टिविस्ट अभय कोलारकर द्वारा आरटीओ से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सामने आई है। आंकड़े बताते हैं कि पुराने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने और उनकी वैधता बढ़ाने की प्रक्रिया से जहां वाहन मालिकों को राहत मिल रही है, वहीं परिवहन विभाग को भी करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है।




