Published On : Wed, Aug 26th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

मानकापुर में लाखों की चोरी का खुलासा, CCTV से पकड़ा गया शातिर आरोपी

Advertisement

मानकापुर में लाखों की चोरी का खुलासा, CCTV से पकड़ा गया शातिर आरोपी

नागपुर: मानकापुर इलाके में बंद घर से लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। परिवार कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था, इसी दौरान आरोपी ने स्लाइडिंग खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और करीब 6 लाख 64 हजार रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने 50 से 60 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसके कब्जे से करीब 5 लाख 70 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।

मामला मानकापुर थाना क्षेत्र के बाबा बगदादिया नगर का है। यहां रहने वाले सैय्यद मुजफ्फर अली परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर अवस्थी चौक में शोरमा लेने गए थे। कुछ समय बाद वापस लौटने पर घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। बेडरूम की अलमारी में रखी सोने की चेन, मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, कान की बालियां और करीब 60 हजार रुपये नकद गायब थे।

जांच के दौरान पुलिस को घर की स्लाइडिंग खिड़की टूटी हुई मिली। इसी खिड़की के जरिए आरोपी के घर में दाखिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपी का सुराग लगाने के लिए आसपास के 50 से 60 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच में आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के सिवनी निवासी दीपक अतरसिंग झारिया के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पहचान और लोकेशन छिपाने के लिए चोरी के दौरान मोबाइल फोन या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल नहीं किया। वह सिवनी से बस के जरिए नागपुर आया था और बस से ही चोरी की जगह तक पहुंचा।

Advertisement

हालांकि, आरोपी की यह सावधानी पुलिस की जांच से बच नहीं सकी। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने उसे सिवनी, मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 5 लाख 70 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है।

मानकापुर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वारदात को अकेले अंजाम दिया था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.