Published On : Wed, Aug 26th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नगरसेवक के घर फायरिंग के बाद पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने लिया जायजा

बोले—जल्द गिरफ्त में होंगे हमलावर, क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें जांच में जुटीं
Advertisement

नगरसेवक के घर फायरिंग के बाद पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने लिया जायजा

नागपुर टुडे – पूर्व नागपुर के भांडेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में कांग्रेस नगरसेवक शुभम मोटघरे के घर पर हुई फायरिंग के मामले ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घटना के अगले दिन बुधवार को पुलिस महकमे के आला अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। नागपुर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील स्वयं नगरसेवक शुभम मोटघरे के घर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने घटनास्थल का भी जायजा लिया तथा जांच में जुटे अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।

पुलिस आयुक्त के दौरे के दौरान क्राइम ब्रांच सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जांच टीम के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने नगरसेवक और उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और फायरिंग करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

24 घंटे बाद भी हमलावर पुलिस गिरफ्त से बाहर

मंगलवार देर रात नगरसेवक शुभम मोटघरे के घर पर अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली चलाए जाने की घटना सामने आई थी। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया।

Advertisement

घटना को कई घंटे बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि, पुलिस ने जांच के दौरान कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और तकनीकी जांच से हमलावरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुटी

फायरिंग की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच में क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें हमलावरों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की तलाश कर रही हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। साथ ही घटना से पहले और बाद में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

विधायक विकास ठाकरे समेत कई नेता पहुंचे थे

घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार देर रात कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे सहित कई नेता और कार्यकर्ता नगरसेवक शुभम मोटघरे के घर पहुंचे थे। भाजपा के नगरसेवक अतुल कोटेचा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण देर रात तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

खंडणी प्रकरण से भी जोड़कर जांच

पुलिस फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि नगरसेवक शुभम मोटघरे ने कुछ समय पहले खंडणी मांगने वाले एक आरोपी को पुलिस के हवाले किया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। इसके अलावा पारिवारिक, संपत्ति संबंधी और अन्य संभावित विवादों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

नगरसेवक के घर हुई फायरिंग को लेकर राजनीतिक रंजिश की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना से इनकार या पुष्टि नहीं की है। पुलिस आयुक्त के स्वयं घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जांच में तेजी आने की उम्मीद है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फायरिंग करने वाले हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.