Published On : Fri, Sep 18th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

कळमना पुलिस का बड़ा एक्शन: गोडाउन फोड़कर सुपारी उड़ाने वाला गिरोह दबोचा

पांच शातिर आरोपी गिरफ्तार, 16.27 लाख की सुपारी के 85 बोरे बरामद; दो वाहन और मोबाइल समेत 26.38 लाख का माल जब्त
Advertisement

Auto Draft

नागपुर – कळमना थाना क्षेत्र में गोडाउन का ताला तोड़कर लाखों रुपए की सुपारी चोरी करने वाले गिरोह का कळमना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 16 लाख 27 हजार 750 रुपए कीमत की सुपारी के 85 बोरे, वारदात में इस्तेमाल दो मालवाहक वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए कुल मुद्देमाल की कीमत 26 लाख 38 हजार 750 रुपए है।

कैपिटल ट्रेडर्स के गोडाउन को बनाया निशाना
शांतीनगर निवासी हनिफ किडीया के पावनगांव स्थित डी.के. फार्म के पास कैपिटल ट्रेडर्स का गोडाउन है। 12 से 14 सितंबर के बीच अज्ञात आरोपियों ने गोडाउन का ताला तोड़कर अंदर रखी करीब 18 लाख रुपए कीमत की सुपारी और करीब 5 हजार रुपए का डीवीआर चोरी कर लिया।

Gold Rate
Sept 17,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 51,500 /-
Gold 22 KT ₹ 1,40,500 /-
Silver/Kg ₹ 2,29,500/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

15 सितंबर को शिकायत मिलते ही कळमना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी से मालवाहक वाहन की पहचान
गंभीर मामले को देखते हुए कळमना पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही टोलनाकों के कैमरों की रिकॉर्डिंग तथा वाहनों की आवाजाही का तकनीकी विश्लेषण किया गया।

Advertisement

जांच में एक संदिग्ध मालवाहक वाहन सामने आया। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने वाहन की पहचान अशोक लेलैंड ‘बड़ा दोस्त’ के रूप में की और उसका नंबर एमएच-49 बीजेड-9132 हासिल किया। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

सात आरोपी सामने आए, पांच पुलिस की गिरफ्त में
तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुल सात आरोपियों की पहचान की। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में नितेश शिवरतन भवरिया (36), शुभम महेंद्र मराठे (27), मोहम्मद शहजाद उर्फ अतिक मोहम्मद सईद (37), मोहम्मद इरफान उर्फ बाबा मोहम्मद शमी शेख (35) और अरविंद उर्फ बंटी येडा अशोक घनसूरे (33) शामिल हैं।

85 बोरे सुपारी बरामद
कळमना पुलिस ने आरोपियों से 50-50 किलो वजन वाले 85 बोरे सुपारी बरामद किए हैं। प्रत्येक बोरे की कीमत करीब 19,150 रुपए है। बरामद सुपारी की कुल कीमत 16 लाख 27 हजार 750 रुपए बताई गई है।

इसके अलावा पुलिस ने अशोक लेलैंड बड़ा दोस्त मालवाहक वाहन (एमएच-49 बीजेड-9132) और महिंद्रा बोलेरो पिकअप (एमएच-49 सीडब्ल्यू-0053) जब्त किए हैं। दोनों वाहनों की कीमत करीब 5-5 लाख रुपए बताई गई है। दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

इस तरह पुलिस ने कुल 26 लाख 38 हजार 750 रुपए का मुद्देमाल जब्त किया है।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार पांचों आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। उनके खिलाफ चोरी, गोडाउन फोड़ने और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

दो फरार आरोपियों की तलाश
मामले में दो आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही चोरी की सुपारी को कहां ले जाकर बेचने की योजना थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
हनिफ किडीया की शिकायत पर कळमना पुलिस ने अपराध क्रमांक 894/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(अ), 331(3), 331(4) और 3(4) के तहत कार्रवाई शुरू की है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काळे, पुलिस निरीक्षक (अपराध) करीम पठान, पुलिस उपनिरीक्षक गजानन राऊत सहित पुलिस टीम ने की।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाळ के मार्गदर्शन में की गई।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.