
नागपुर : Ambazari Lake मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब घाटे रेस्टोरेंट परिसर के पास सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक धराशायी हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि उस समय सड़क पर वाहनों और लोगों की आवाजाही जारी थी, जिससे बड़ा अनर्थ होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक संबंधित पेड़ काफी समय से जर्जर और खतरनाक स्थिति में था। इसे लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायतें भी दी गई थीं। बावजूद इसके समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी देखने को मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरते समय जोरदार आवाज हुई और कुछ देर के लिए इलाके में दहशत फैल गई। यदि उस समय सड़क पर ज्यादा भीड़ होती तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गिरे हुए पेड़ को हटाकर रास्ता साफ करने का काम शुरू किया।
इस घटना के बाद नागरिकों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद खतरनाक पेड़ों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।








