
वर्धा : वर्धा शहर की ज्वेलरी दुकानों में हाथ की सफाई कर सोने के आभूषण चोरी करने वाली एक महिला आरोपी को स्थानीय अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹59,600 मूल्य का सोना बरामद किया है। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, वर्धा शहर की ज्वेलरी दुकानों से सोने के टॉप्स चोरी होने की शिकायतें सामने आई थीं। इस संबंध में वर्धा शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच का सहारा लिया। जांच में आरोपी महिला के हिंगणघाट में होने की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद अपराध शाखा की टीम हिंगणघाट पहुंची और शेख रुमाना उर्फ शबाना उर्फ मुस्कान शेख आरिफ (29) को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने वर्धा शहर की ज्वेलरी दुकानों से सोने के टॉप्स चोरी करने की बात स्वीकार की। पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को उसने हिंगणघाट के ज्वेलर्स के पास यह कहकर गिरवी रखा था कि उसकी बेटी बीमार है और इलाज के लिए पैसों की जरूरत है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 1.630 ग्राम और 2.620 ग्राम वजन के सोने के टॉप्स बरामद किए हैं। बरामद सोने की कुल कीमत करीब ₹59,600 बताई गई है।
स्थानीय अपराध शाखा की कार्रवाई से वर्धा शहर में दर्ज दो चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
वर्धा से सतीश काले की रिपोर्ट।




