Published On : Sat, Nov 21st, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

जमीन के सौदे में बड़ा फर्जीवाड़ा! एक प्लॉट पर दो खरीदारों का दावा

एक एकड़ में 24 की जगह 159 भूखंडों का नक्शा दिखाने का आरोप; मकान खाली करने या 20 लाख रुपये देने की धमकी
Advertisement

NMC employee booked for fraud to claim Rs 50 lakh COVID compensation

नागपुर : शहर के मानकापुर क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। एक ही भूखंड को दो अलग-अलग लोगों को बेचने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्लॉट नंबर में बदलाव करने और मकान खाली करने के लिए 20 लाख रुपये की मांग करने के आरोप में मानकापुर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में जमीन के मूल नक्शे और कथित तौर पर तैयार किए गए दस्तावेजों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

शिकायतकर्ता नीलेश निलाजी कावले (50), निवासी स्वामीनगर, मानकापुर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वर्ष 2002 में मौजा गोरेवाड़ा स्थित नेताजी को-ऑपरेटिव सोसाइटी में खसरा नंबर 30/2 और 31/2 के प्लॉट नंबर 3 को दीपक विट्ठलप्रसाद दुबे से किस्तों में खरीदा था। वर्ष 2007 में पूरी रकम अदा करने के बाद उनके पक्ष में पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की गई। इसके बाद मार्च 2022 में उनकी पत्नी रेखा कावले के नाम पर संबंधित भूखंड की विधिवत रजिस्ट्री भी कराई गई।

24 प्लॉट की जमीन पर 159 भूखंड दिखाने का आरोप

कावले के अनुसार, संबंधित सोसाइटी की करीब एक एकड़ जमीन में मूल रूप से केवल 24 प्लॉट थे। आरोप है कि कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर इसी जमीन पर 159 प्लॉट का नक्शा मंजूर होने का दावा किया गया। इतना ही नहीं, मूल प्लॉट नंबर 3 में कथित हेराफेरी कर उसे प्लॉट नंबर 27 दर्शाया गया। इसी दस्तावेजी बदलाव के जरिए एक ही जमीन पर दो अलग-अलग लोगों का दावा खड़ा होने की बात शिकायत में कही गई है।

Advertisement

दूसरी रजिस्ट्री का दावा कर खड़ा किया विवाद

शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर 2022 में कुछ लोग कावले के घर पहुंचे और दावा किया कि उनके कब्जे वाला यही प्लॉट सुषमा इंदर शाहू को पहले ही बेचा जा चुका है। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान मकान तोड़ने का भी आरोप लगाया गया। कावले का कहना है कि उन्होंने संबंधित भूखंड की खरीद के लिए पूरी रकम चुकाई थी और बाद में पत्नी के नाम पर रजिस्ट्री भी कराई थी।

20 लाख रुपये दो या मकान खाली करो

मामले में एक अन्य गंभीर आरोप 29 सितंबर 2024 का है। शिकायतकर्ता के अनुसार, रात करीब 8.30 बजे आरोपी उनके घर के पास पहुंचे। उन्होंने कथित तौर पर 31 अक्टूबर तक मकान खाली करने अथवा बाजार भाव के अनुसार 20 लाख रुपये देने की मांग की। मांग पूरी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।

इस पूरे मामले में कावले की शिकायत के आधार पर मानकापुर पुलिस ने दीपक दुबे, रश्मि जोशी, राज साखरे, कुद्दूस शेख, इंदर शाहू, सुषमा शाहू और राज सुरेश खरे सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज तैयार करने तथा जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जमीन के मूल नक्शे में 24 भूखंड होने और कथित तौर पर 159 भूखंड दर्शाए जाने के आरोप ने इस प्रकरण को गंभीर बना दिया है। अब पुलिस जांच में दस्तावेजों की वास्तविकता, प्लॉट नंबर में कथित बदलाव और एक ही भूखंड की दोहरी बिक्री के आरोपों से जुड़े तथ्यों का खुलासा होना महत्वपूर्ण होगा।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.