Published On : Sat, Nov 21st, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

फर्जी ट्रेडिंग एप का जाल बिछाकर 55 वर्षीय व्यक्ति से 1.21 करोड़ की ठगी

स्क्रीन पर बढ़ता रहा निवेश और मुनाफा, रकम निकालने पहुंचे तो ठगों ने खड़े किए हाथ
Advertisement

नागपुर टुडे – शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने की चाह एक 55 वर्षीय व्यक्ति को इतनी महंगी पड़ी कि साइबर ठगों ने उनकी जीवनभर की कमाई पर ही हाथ साफ कर दिया। निवेश पर भारी रिटर्न दिलाने का झांसा देकर शातिर ठगों ने उन्हें 1 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपये की चपत लगा दी। आरोपियों ने बाकायदा फर्जी ट्रेडिंग एप तैयार कर उसमें निवेश की रकम और उस पर मिलने वाला मुनाफा लगातार बढ़ता हुआ दिखाया। स्क्रीन पर लाखों-करोड़ों का मुनाफा देखकर शिकायतकर्ता को ठगों पर भरोसा हो गया और इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने इतनी बड़ी रकम हड़प ली।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 के बीच आरोपियों ने वाट्सएप के माध्यम से शिकायतकर्ता विकास राजपूत (बदला हुआ नाम) से संपर्क किया। इस दौरान लीला कपूर नामक व्यक्ति ने खुद को मोतीलाल ओसवाल कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने शेयर बाजार में निवेश के जरिए कम समय में आकर्षक रिटर्न मिलने का दावा किया और शिकायतकर्ता को निवेश के लिए तैयार किया।

इसके बाद आरोपियों ने विकास को एक लिंक भेजकर ‘वीआईपीएमएस’ नामक एप डाउनलोड करने के लिए कहा। एप पर निवेश करने के बाद रकम और संभावित मुनाफे का आंकड़ा लगातार बढ़ता हुआ दिखाई देने लगा। शुरुआत से ही सुनियोजित तरीके से तैयार किए गए इस जाल में शिकायतकर्ता पूरी तरह फंसते चले गए। अधिक मुनाफे की उम्मीद में उन्होंने आरोपियों के बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में चरणबद्ध तरीके से रकम जमा करना शुरू कर दिया।

आरोपियों ने फर्जी एप के माध्यम से निवेश पर अच्छा मुनाफा होने का भरोसा कायम रखा। स्क्रीन पर बढ़ती हुई रकम देखकर शिकायतकर्ता को लगा कि उनका निवेश सही दिशा में जा रहा है। इसी भरोसे में उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपये जमा कर दिए।

Advertisement

रकम निकालने की बारी आई तो शुरू हुआ असली खेल

फर्जी ट्रेडिंग एप पर लाखों रुपये का मुनाफा दिखाई देने के बाद जब शिकायतकर्ता ने अपनी निवेश की रकम और कथित मुनाफा निकालने का प्रयास किया, तब आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बार-बार प्रयास करने के बावजूद उन्हें अपनी रकम वापस नहीं मिली। जिन लोगों ने निवेश के दौरान बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाया था, वही रकम लौटाने के नाम पर अड़चनें पैदा करने लगे।

आखिरकार विकास को अपने साथ हुई करोड़ों की साइबर धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्जी ट्रेडिंग एप के जरिए भरोसा जीतकर करोड़ों की ठगी का यह मामला साइबर अपराधियों के नए तरीके को उजागर करता है। निवेश पर असाधारण मुनाफे का लालच, नामी कंपनियों के प्रतिनिधि होने का दावा और एप पर फर्जी लाभ दिखाकर लोगों को जाल में फंसाया जा रहा है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.