
गोंदिया | गोंदिया में सुक्ष्म , लघु और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से विकसित औद्योगिक क्षेत्र ‘MSME पार्क’ और MIDC औद्योगिक क्षेत्र विस्तार के नाम पर उपजाऊ कृषि भूमि छीनने की सरकारी कवायद अब बड़े सियासी और प्रशासनिक घमासान में बदल गई है। गोंदिया की मौजूदा मुंडीपार MIDC में 122.42 एकड़ जमीन पिछले 34 वर्षों से बिना उपयोग के वीरान पड़ी है, इसके बावजूद प्रशासन ने 2 से 3 किलोमीटर दूर मौजा डोंगरगांव के किसान परिवारों की 39.47 हेक्टेयर (18 सर्वे क्रमांक) की लगभग 98 एकड़ खेती की जमीन अधिग्रहित करने के लिए 30 अक्टूबर 2026 को धारा 32(2) के तहत धड़ाधड़ नोटिस जारी कर दिए हैं। किसानों की इस लड़ाई को धार देते हुए सांसद प्रशांत पडोले ने प्रभावित किसानों के साथ उप जिलाधिकारी भैय्याजी बेहेरे एवं उपविभागीय अधिकारी तथा भूसंपादन अधिकारी चंद्रभान खंडाईत को मुख्यमंत्री के नाम 23 नवंबर को ज्ञापन सौंपकर इस भूमि अधिग्रहण को तत्काल रद्द करने की मांग की है।
नोटिस में 30 दिन की मोहलत, ग्रामसभा ने ठोंकी ताल
बता दें कि 16 जून 2026 को महाराष्ट्र शासन द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना क्र. IDC-2026/(CR-243)/Ind-14) के बाद उपविभागीय अधिकारी चंद्रभान खंडाईत के कार्यालय से महाराष्ट्र औद्योगिक विकास अधिनियम, 1961 की धारा 32(2) के तहत किसानों को भूमि अधिग्रहण के नोटिस थमाए गए हैं। इसमें किसानों को 30 दिनों के भीतर लिखित आपत्ति दर्ज कराने को कहा गया है। वहीं, धान, गेहूं, तिलहन, सब्जियों और आम-जामुन के बगीचों वाली इस उपजाऊ जमीन को बचाने के लिए डोंगरगांव ग्राम पंचायत ने 31 अक्टूबर 2026 को विशेष ग्रामसभा बुलाकर अधिग्रहण के विरोध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव भी पारित किया है।
बंजर और खाली जमीन छोड़कर, उपजाऊ खेत जमीन पर नजर क्यों ?
कांग्रेसी सांसद प्रशांत पडोले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भेजे पत्र में MIDC की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। दस्तावेजों के मुताबिक, 28 अगस्त 1992 को MIDC मुंडीपार के भूखंड C-4/1 व C-4/2 (98.93 एकड़) और C-5 (23.50 एकड़) की कुल 122.42 एकड़ जमीन मेसर्स लेन एसेडा इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Lan Eseda Industries Ltd.) को आवंटित की गई थी, जिस पर आज तक कोई उद्योग शुरू नहीं हुआ। इसके अलावा, 2016 के सर्वेक्षण में दर्ज 176 भूखंडों में से 13 प्लॉट खाली हैं और MIDC सीमा से लगकर 100 से 125 एकड़ बंजर जमीन भी उपलब्ध है। सांसद ने मांग की है कि किसानों को भूमिहीन करने वाला डोंगरगांव का फैसला रद्द किया जाए, मुंडीपार MIDC के बंद व खाली प्लॉटों का सर्वे हो और नियमों का उल्लंघन करने वाली लेन एसेडा इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी से 122.42 एकड़ जमीन वापस लेकर वहीं नए उद्योग लगाए जाएं।
रवि आर्य




