नागपुर: कामठी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। हैदरी चौक स्थित एक मोबाइल दुकान के सामने खड़ी एक्टिवा की डिक्की से अज्ञात चोर 69,500 रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुरानी कामठी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भवानी मंदिर क्षेत्र निवासी 39 वर्षीय शेखर चुनीलाल बर्मन अपने रिश्तेदार के बैंक खाते से 69,500 रुपये निकालकर एक्टिवा की डिक्की में रखकर हैदरी चौक स्थित बॉम्बे मोबाइल दुकान पहुंचे थे। मोबाइल खरीदने के लिए वह कुछ देर दुकान के अंदर गए। लौटकर जब उन्होंने डिक्की खोली तो बैग में रखी पूरी रकम गायब थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने अपने रिश्तेदार को सूचना दी और पुरानी कामठी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति एक्टिवा की डिक्की से रुपये निकालते हुए दिखाई दिया। वारदात के बाद वह अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




