
नागपुर: कपिल नगर थाना क्षेत्र के कामगार नगर में एक घर में कथित तौर पर अवैध कत्लखाना चलाए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घर से 19 गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कपिल नगर पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि कामगार नगर में मोहम्मद साबिर मोहम्मद वशीर कुरैशी के घर में कथित तौर पर अवैध कत्लखाना चलाया जा रहा है और बड़ी संख्या में गोवंश को रखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में करीब 19 गोवंश बंधे हुए मिले। पुलिस के अनुसार, गोवंश को कथित तौर पर चारा-पानी के बिना दयनीय हालत में रखा गया था।
पुलिस ने सभी गोवंश को सुरक्षित रेस्क्यू कर धंतोली गोरक्षण केंद्र भेज दिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में कपिल नगर पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब गोवंश को कहां से लाया गया था और मामले में अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं, इसकी जांच कर रही है।




