
नागपुर: शहर में देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए नागपुर पुलिस की विशेष एस्कॉर्ट टीम ने जरीपटका थाना क्षेत्र में सट्टापट्टी के अड्डे पर छापा मारकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन और जुए का सामान समेत कुल ₹67,000 का मुद्देमाल जब्त किया।
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील के मार्गदर्शन में एस्कॉर्ट पथक प्रमुख एपीआई भगवान कोळी को गुप्त सूचना मिली थी कि जरीपटका के मिसळ लेआउट, हुडको चौक परिसर में कुछ लोग सट्टापट्टी का जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा और जुआ खेलते एवं खिलाते हुए 11 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹34,050 नकद, ₹33,000 कीमत के तीन मोबाइल फोन तथा सट्टापट्टी का अन्य सामान जब्त किया। कुल जब्त मुद्देमाल की कीमत करीब ₹67,000 बताई गई है।
इस मामले में जरीपटका पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




