Published On : Tue, Jul 28th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गुरु पूर्णिमा पर जामसांवली धाम में उमड़ेंगे 3 लाख श्रद्धालु

Advertisement

जामसांवली (छिंदवाड़ा): गुरु पूर्णिमा के अवसर पर चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक), जामसांवली में 28 और 29 जुलाई को दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक तैयारियां की हैं।

कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, यातायात, भंडारा और आपातकालीन सेवाओं सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों और मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा, जबकि दर्शन कतार प्रबंधन, गर्भगृह व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दो दिवसीय महोत्सव के तहत 28 जुलाई की शाम प्रसिद्ध भजन गायक द्वारा भव्य भजन संध्या और भक्तिमय संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के मुख्य अवसर पर भगवान श्री हनुमान का विशेष अभिषेक, पूजन, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

Advertisement

रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सौसर रेलवे स्टेशन से जामसांवली धाम तक निःशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से प्रशासन और मंदिर की व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की है ताकि गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.