Published On : Mon, May 20th, 2019

गोंदिया – बारातियों से भरा ट्रैक्टर पलटा

Advertisement

सड़क पर मचा कोहराम, 35 जख्मी, 3 गंभीर

गोंदिया: जिले में शादी-विवाह का सी़जन चल रहा है। शहर से लेकर गांव तक एक स्थान से दुसरे स्थान तक जाने के लिए माल ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले वाहनों का उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है।

आरटीओ विभाग, यातायात पुलिस विभाग के नाक के नीचे नियम, कायदे, कानूनों की धज्जियां उड़ायी जा रही है। कई अवसरों पर क्षमता से अधिक मुसाफिरों को लादने से वाहन असंतुलित होकर सड़क हादसे का शिकार हो जाते है।

हृदयविदारक घटना सड़क अर्जुनी तहसील के डुग्गीपार थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम डव्वा से घोटी जाने वाले मार्ग पर रविवार 19 मई के दोपहर 3 से 3.30 बजे के दरमियान घटित हुई।

Advertisement

चंद्रपुर जिले की सिंदेवाही तहसील के ग्राम भेंदाड़ा की बारात गोंदिया जिले की सड़क अर्जुनी तहसील के ग्राम डव्वा पहुंची थी तथा विवाह पश्‍चात, शादी में शामिल होने आए बारातियों को डव्वा से खोडसिवनी रेल्वे स्टेशन तक ले जाने के लिए ट्रैक्टर क्र. एम.एच. 35/ए.जी. 0852 व ट्राली क्र. एम.एच. 35/एफ. 4329 में उन्हें बिठाया गया। आरोपी ट्रैक्टर चालक जयेंद्र्र पारधी (28 रा. डव्वा त. सड़क अर्जुनी) यह सरपट वाहन दौड़ाता चला जा रहा था कि, तभी डव्वा – घोटी रोड पर मोबाइल टॉवर के निकट टर्निंग सड़क पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर के स्टेरिंग पर से चालक का नियंत्रण छूट गया और बारातियों से भरा ट्रैक्टर बीच रास्ते पलट गया। वहीं हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल रहा।

दुर्घटना के वक्त 3 दर्जन महिला-पुरूष बारातियों से ट्रैक्टर की ट्राली खचाखच भरी थी तथा कुछ बाराती ट्रैक्टर के ड्राइवर सीट के दोनों शोर पर बैठ थे, जो दूर तक उछलकर जा गिरे, हर तरफ चीख-पुकार मच गई। घायलों के चेहरे पर भय साफ दिख रहा था, किसी को कुछ नहीं समझ रहा था कि, हादसा कैसे घटित हो गया? पड़ोसी गांव के नागरिक चीख पुकार सुनकर दौड़ पड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस भीषण हादसे में 35 महिला-पुरूष बाराती जख्मी हो गए है जबकि ट्रैक्टर के नीचे आकर दबने से 3 की स्थिती गंभीर बतायी जाती है जिनमें हेमराज श्रीमोहन गुरनुले (39 रा. चंद्रपुर), सौ. कल्पना गिरधर निकोड़े (40 रा. रामाड़ा), सौ. कविता दिवाकर माहुर्ले (40 रा. सायगांव) का समावेश है।

डुग्गीपार पुलिस ने इस प्रकरण के संदर्भ में फिर्यादी उमेश माधवराव निकोड़े (42 रा. रामाड़ा त. सिंदेवाही जि. चंद्रपुर) की शिकायत पर फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का जुर्म धारा 279, 337, 338 सहकलम 184, 134 (ब), 66/192 मो.वा. का. के तहत दर्ज किया है। प्रकरण की जांच में पुलिस जुटी है।

– रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.