Published On : Fri, Jul 17th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: सड़कों पर ‘यमदूत’ बने आवारा कुत्ते, 5 साल की बच्ची पर टूटा कुत्तों का झुंड, वारदात CCTV में कैद

'डॉग टेरर' घर के बाहर स्कूल वैन का इंतजार कर रही बच्ची , रूह कंपा देने वाली घटना
Advertisement

गोंदिया शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि मासूम बच्चे अपने घर के सामने भी सुरक्षित नहीं हैं। गोंदिया के प्रभाग क्रमांक-4 स्थित बाईपास (रिंग रोड) क्षेत्र में मजार के पीछे 15 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे एक 5 वर्षीय बच्ची अपने घर के बाहर स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। तभी अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद शहर में दहशत का माहौल है।

चीख-पुकार सुन दौड़ी पड़ोसन, बाल-बाल बची जान
अचानक हुए हमले में बच्ची सड़क पर गिर गई और कुत्तों का झुंड उस पर टूट पड़ा। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला तत्काल मौके पर पहुंची और कुत्तों को भगाकर बच्ची की जान बचाई। लोगों का कहना है कि यदि कुछ सेकंड की भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Gold Rate
Aug 27 ,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 60,000 /-
Gold 22 KT ₹ 1,48,500 /-
Silver/Kg ₹ 2,41,500/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

रेबीज का इंजेक्शन, निजी अस्पताल में इलाज जारी
हमले में बच्ची के शरीर पर कुत्तों के पंजों की खरोंच और दांतों के हल्के निशान आए हैं। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रेबीज का इंजेक्शन लगाया। चिकित्सकों के अनुसार शारीरिक चोटों के साथ-साथ बच्ची गहरे मानसिक सदमे में भी है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

धरपकड़ और नसबंदी अभियान की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय पार्षद राज शुक्ला ने गोंदिया नगर परिषद के मुख्याधिकारी संदीप बोरकर को ज्ञापन सौंपकर आवारा कुत्तों की तत्काल धरपकड़ और नसबंदी अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।

Advertisement

शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब आम नागरिकों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। मॉर्निंग और इवनिंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्ग लाठी लेकर चलने को मजबूर हैं, देर रात ड्यूटी से लौटने वाले लोग भी भय के साए में रहते हैं, जबकि घरों के बाहर खेलने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच शहरवासी अब प्रशासन से पूछ रहे हैं कि आखिर ‘डॉग टेरर’ से राहत कब मिलेगी ?

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.