Published On : Wed, Jul 1st, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया: ​कारगिल वॉरियर का जज्बा, एक कृत्रिम पैर से नापेंगे पंढरपूर की दूरी ..’ महा-साइकिल यात्रा’ में नगराध्यक्ष भी शामिल

​तूफान, बारिश और जज्बा , विठ्ठल के दर पर निकले गोंदिया के 4 जांबाज , पर्यावरण रक्षा का संदेश
Advertisement

​गोंदिया। आसमान से बरसती आफत की बूंदें और सामने सैकड़ों किलोमीटर का लंबा रास्ता… लेकिन जब इरादे फौलादी हों और दिल में भगवान विठ्ठल की भक्ति हो, तो कोई भी रुकावट मायने नहीं रखती। गोंदिया में आज सुबह कुछ ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब ‘संडे साइकिलिंग ग्रुप’ के बैनर तले एक अनोखी और ऐतिहासिक साइकिल यात्रा पंढरपूर के लिए रवाना हुई।

​इस यात्रा की सबसे बड़ी और दिल को छू लेने वाली बात यह है कि इसमें कारगिल युद्ध में देश के लिए अपना एक पैर गंवाने वाले जांबाज पूर्व सैनिक उदयभान निर्माण शामिल हैं। उनके साथ गोंदिया के नगराध्यक्ष सचिन शेंडे और दो अन्य नागरिक भी इस कठिन सफर पर निकले हैं।

गूंजा ..साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ का संदेश
जैसे ही यह काफिला गोंदिया के जयस्तंभ चौक से निकला, आसमान से भारी बारिश शुरू हो गई। लेकिन क्या मजाल जो इन जांबाजों के कदम डगमगा जाएं , महापुरुषों की प्रतिमाओं को नमन कर जब ये मुसाफिर निकले, तो पूरे शहर ने पलक-पावड़े बिछा दिए। जगह-जगह फूल-मालाओं के साथ नागरिकों ने इनका स्वागत किया और भारी उत्साह के साथ पंढरपूर के लिए रवाना किया।
दरअसल यह साहसिक यात्रा समर्पण और संकल्प की परीक्षा है जो आने वाले युवा पीढ़ी के लिए साइकिलिंग के प्रति उत्साह का नया मार्ग प्रशस्त करेगी।

विठुराया से मांगेंगे खुशी और ‘तरक्की ‘ का वरदान
नगराध्यक्ष सचिन शेंडे ने बताया कि 850 किलोमीटर की यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि एक सामूहिक प्रार्थना है।
“हम भगवान विठ्ठल के चरणों में गोंदिया जिले के विकास की मन्नत मांगने जा रहे हैं। हमारी प्रार्थना है कि हमारे किसानों के खेतों में धान की बंपर पैदावार हो, हर किसान खुशहाल हो और हमारे दोनों जिलों गोंदिया- भंडारा का नाम पूरे देश में चमके।
बता दें कि भक्ति और विकास की इस कामना के साथ-साथ यह ग्रुप समाज को एक बड़ा संदेश भी दे रहा है। रास्ते भर यह टीम लोगों को जागरूक करेगी।

Advertisement

सायकल चलाओ, पर्यावरण बचाओ..ईंधन बचाओ, देश को समृद्ध बनाओ। सेहत सुधारो, प्रदूषण भगाओ..
एक कृत्रिम (जादुई) पैर के सहारे साइकिल के पैडल पर देश और समाज की चिंता लेकर निकले पूर्व सैनिक उदयभान निर्माण की यह जिद आज पूरे महाराष्ट्र के लिए प्रेरणा बन चुकी है। अब देखना यह है कि यह जांबाज टोली कब तक विठ्ठल मौली के दरबार में हाजिरी लगाती है, लेकिन इनके जज्बे ने आज हर भारतीय का सिर फख्र से ऊंचा कर दिया है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.