
गोंदिया। देवभूमि उत्तराखंड के 9वें राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद पहली बार गोंदिया पहुंचे महामहिम डॉ. ढालसिंह बिसेन ने समाज, राष्ट्र निर्माण और युवा पीढ़ी के भविष्य को लेकर बड़ा संदेश दिया है। गोंदिया में ‘पोवार प्रगतिशील मंच’ द्वारा आयोजित भव्य अभिनंदन एवं सत्कार समारोह में शिरकत करते हुए राज्यपाल बिसेन ने न केवल गोंदिया से अपने आत्मीय जुड़ाव को साझा किया, बल्कि जैविक खेती, बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत और रोजगार सृजन जैसे गंभीर मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ढालसिंह बिसेन ने भावुक अंदाज में कहा, “ईश्वर को जो देना होता है, वह समय के अनुसार मिलता है। गोंदिया से मेरा हमेशा से खास लगाव रहा है। राज्यपाल बनने के बाद आपने मुझे सत्कार और अभिनंदन के लिए आमंत्रित किया, इसके लिए आप सभी का हृदय से साधुवाद।”
जब भोजन ही दूषित होगा, तो जीवन कैसे बचेगा?
कृषि और स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए महामहिम ने कहा कि अन्न उत्पादन के क्षेत्र में आज भारत दुनिया में शीर्ष पर है, लेकिन अंधाधुंध रासायनिक खादों के कारण हमारी जमीन दूषित हो रही है। उन्होंने चेताया कि “जब भोजन ही दूषित होगा, तो जीवन कैसे बचेगा?” उन्होंने किसानों और आमजन से रासायनिक फर्टिलाइजर से दूरी बनाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
युवाओं को नशे और बच्चों को मोबाइल की लत से बचाएं
युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए राज्यपाल बिसेन ने कहा कि नशा चाहे किसी भी प्रकार का हो, उसकी लत इंसान के शरीर को भीतर से खोखला कर देती है। युवाओं को हर तरह के नशे से दूर रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों को भी आगाह करते हुए कहा कि वे नन्हे बच्चों को मोबाइल के नशे से दूर रखें, क्योंकि मोबाइल की यह लत भी उतनी ही घातक साबित हो रही है।
’प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को करें
पोवार समाज का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि राजा भोज के आदर्शों पर चलते हुए समाज को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा, “देश बचेगा, तो हम बचेंगे। इसलिए देश का गौरव बढ़ाएं और एक प्रगतिशील समाज का निर्माण करें।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को सभी देशवासियों को मिलकर साकार करना है।
बेटियों को उच्च शिक्षा दें, जॉब क्रिएटर बनें युवा
शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि पोवार समाज शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है, लेकिन यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बेटियों को भी उच्च शिक्षा के समान अवसर देने पर जोर दिया। युवाओं को प्रेरित करते हुए बिसेन ने कहा कि वे नौकरी ढूंढने के बजाय रोजगार सृजित करने वाले बनें तथा भारतीयता और राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखें।
सियासी सवालों से किनारा , दिया संतुलित जवाब
कार्यक्रम के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए राज्यपाल ढालसिंह बिसेन ने किसी भी राजनीतिक प्रश्न का उत्तर देने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के शिक्षा स्तर की तुलना से जुड़े सवाल पर उन्होंने सधा हुआ जवाब देते हुए कहा कि “महाराष्ट्र शुरू से ही शिक्षा के क्षेत्र में आगे रहा है और मध्य प्रदेश ने निरंतर आगे बढ़ने का काम किया है।
मीडिया कर्मियों से मुखातिब होते कहा कि उन्होंने मंच से समरसता, एकता, राष्ट्र सर्वोपरि और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश दिया है-हम सब मिलजुल कर रहें, नशे से दूर रहें, जैविक खेती अपनाएं और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
एक नज़र में महामहिम डॉ. ढालसिंह बिसेन का सफर
12 अक्टूबर को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उन्हें उत्तराखंड का 9वां राज्यपाल नियुक्त किया गया था, जिसके बाद उन्होंने शपथ ग्रहण कर पदभार संभाला। वे वर्ष 2019 से 2024 तक मध्य प्रदेश की बालाघाट-सिवनी संसदीय सीट से लोकसभा सांसद रहे हैं। इससे पूर्व वे चार बार विधायक और मध्य प्रदेश सरकार में शिक्षा कैबिनेट मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं।
रवि आर्य





