Published On : Fri, Jun 12th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गोंदिया : ‘ लेडी डॉन’ के मकान पर छापा , घर से ग्रीन प्वाइजन ‘गांजा ‘ की खेप बरामद

पुछताछ में उगले 2 रसूखदार तस्करों के नाम , तीन आरोपियों पर NDPS एक्ट की कार्रवाई
Advertisement

गोंदिया। शांत समझे जाने वाले गोंदिया जिले में इन दिनों नशे का ऐसा खौफनाक जाल फैल चुका है, जिसने कानून-व्यवस्था की नींद उड़ा दी है। नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री अब इस कदर पैर पसार चुकी है कि इसमें घर की महिलाएं भी ‘करियर’ बनाने लगी हैं। युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले एक ऐसे ही बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए लोकल क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक महिला तस्कर को रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस ने महिला के घर पर अचानक छापा मारकर भारी मात्रा में गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा हाईटेक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे जिले के ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस , मुखबिर की सटीक सूचना पर धावा

Gold Rate
Sept 12,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 53,400 /-
Gold 22 KT ₹ 1,42,300 /-
Silver/Kg ₹ 2,31,200/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के कड़े निर्देश पर पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत, गुरुवार 11 जून 2026 को स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम अहेरकर के मार्गदर्शन में टीम गोरेगांव थाना क्षेत्र में गश्त पर थी , तभी पुलिस को खुफिया तंत्र से एक बेहद सनसनीखेज और पक्की खबर मिली। सूचना थी कि गोरेगांव के भंडगा इलाके में रहने वाली 52 वर्षीय पुष्पा उर्फ मंगला मोतीराम मौजे अपने ही घर के भीतर अवैध रूप से गांजे का स्टॉक रखकर उसे धड़ल्ले से बेच रही है।

पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए, पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पंचों को साथ लिया और भंडगा स्थित महिला के घर की घेराबंदी कर दी। जब पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई, तो नजारा चौंकाने वाला था। घर की तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक की पॉलिथीन में छिपाकर रखा गया 934 ग्राम हरा और अच्छी क्वालिटी का गांजा बरामद हुआ। बाजार में इस गांजे की कीमत 93,400 रुपये आंकी गई है।

Advertisement

स्मार्टफोन से ऑपरेट हो रहा था ‘ड्रग्स नेटवर्क’
इस कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि यह 52 वर्षीय महिला बेहद शातिर तरीके से अपने काले धंधे को अंजाम दे रही थी। पुलिस ने मौके से गांजा कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा पोको (POCO) कंपनी का एक काले रंग का एंड्रॉइड मोबाइल फोन (कीमत 10,000 रुपये) भी जब्त किया है। इसी फोन के जरिए ग्राहकों और बड़े सप्लायरों से डीलिंग की जा रही थी। पुलिस ने कुल 1,03,400 रुपये का माल जब्त किया है।

पूछताछ में उगले बड़े नाम, दो मुख्य सप्लायरों की तलाश तेज
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी महिला पुष्पा उर्फ मंगला मौजे से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने नशे के इस बड़े नेटवर्क का राज़ उगल दिया। महिला ने कबूल किया कि वह यह गांजा गोंदिया शहर के ही दो बड़े रसूखदार तस्करों से खरीदकर लाती थी और फिर उसे खुदरा दामों में युवाओं को बेचती थी। महिला के कबूलनामे के बाद गोरेगांव पुलिस थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

युवाओं में नशे का क्रेज , उड़ता पंजाब जैसे हालात
विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि गोंदिया के युवाओं में इन दिनों नशे का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। कॉलेज के छात्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों के युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है। ड्रग्स माफिया अब पुलिस की नजरों से बचने के लिए महिलाओं को ढाल बना रहे हैं, ताकि घरों से होने वाली इस बिक्री पर किसी को शक न हो। लेकिन एलसीबी की इस मुस्तैदी ने साफ कर दिया है कि अब गुनहगार चाहे कोई भी हो, बचेगा नहीं।

इस जांबाज टीम ने की कार्रवाई
इस धमाकेदार और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने में सहायक पुलिस निरीक्षक धीरज राजुरकर, पुलिस हवलदार दीक्षितकुमार दमाहे, सुबोध बिसेन, दुर्गेश तिवारी, इंद्रजीत बिसेन, महिला पुलिस सिपाही स्मिता तोंडरे तथा पुलिस सिपाही घनश्याम कुंभलवार की टीम ने मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस अब महिला के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है, जिससे जिले के कई और बड़े चेहरों के बेनकाब होने की उम्मीद है।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.