
गोंदिया : कान के पर्दे फाड़ देने वाले बेस के साथ डीजे बजाने वालों के खिलाफ गोंदिया पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। सुप्रीम कोर्ट और बॉम्बे हाईकोर्ट के कड़े दिशा-निर्देशों को दरकिनार कर बेधड़क कानफोड़ू ध्वनि में डीजे बजाने वाले ऑपरेटरों और मालिकों पर पुलिस का हंटर चला है। गोंदिया शहर थाना और रामनगर थाना क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 4 डीजे संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पर्यावरण संरक्षण कानून और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
नियमों की उड़ाई थी धज्जियां: ‘ शोर ‘ पड़ा भारी
गोंदिया पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों से पहले 12 सितंबर को सभी लाउडस्पीकर व डीजे साउंड संचालकों की विशेष बैठक बुलाकर सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालय की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने की स्पष्ट हिदायत दी थी। इसके बावजूद, नियमों को ठेंगे पर रखकर डीजे का डेसिबल लेवल हद से ज्यादा बढ़ा दिया गया।
नतीजतन चावड़ी चौक, छोटा गोंदिया के सार्वजनिक स्थान पर क्षमता से अधिक आवाज में डीजे बजाने पर डीजे मालिक नंदकिशोर बुधराम राऊत (38 वर्ष, निवासी शास्त्री वार्ड) पर धारा 223, 270, 293 (BNS), महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 33(1)(R)(iii), 131, 36, 134, 37, 135, 38, 136, 102, 115 व पर्यावरण संरक्षण कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।
उसी प्रकार रामनगर थाना पुलिस ने विद्यानगर (टी.बी. टोली) क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से भीषण ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में राकेश भाऊराव गजभिये (41 वर्ष, छोटा गोंदिया), अंकित महेन्द्र नागोसे (20 वर्ष, तुमखेड़ा खुर्द) और हिरेश नंदलाल धारपिंडे (निवासी -गोविंदपुर) के खिलाफ BNS की धारा 270, 292, 293 व ध्वनि प्रदूषण नियम 2000 की धारा 5 के तहत मामला कायम किया गया है।
पुलिस की दो-टूक:तय डेसिबल सीमा का कड़ाई से हो पालन
पुलिस प्रशासन ने सभी गणेश मंडलों और डीजे ऑपरेटरों से दो-टूक अपील की है कि वे तय डेसिबल सीमा का कड़ाई से पालन करें, ताकि आम नागरिकों, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी न हो। निर्देशों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी इसी तरह कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे , अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे और उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) दिनेशचंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में गोंदिया शहर के थानेदार प्रवीण बोरकुटे, रामनगर के थानेदार तिरुपति राणे व उनकी टीमों द्वारा अंजाम दी गई।
रवि आर्य




