गोंदिया। गोंदिया शहर की ‘लाइफलाइन’ कहे जाने वाले रेलटोली के नए फ्लाईओवर (उड्डाणपुल) के निर्माण में हो रही लेती-लतीफी पर स्थानीय विधायक विनोद अग्रवाल का गुस्सा फूट पड़ा। जनता की परेशानी को देखते हुए विधायक अग्रवाल ने सीधे नागपुर का रुख किया और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के प्रादेशिक मुख्य अभियंता (चीफ इंजीनियर) और तमाम बड़े अधिकारियों से टेबल पर चर्चा की। हाई-लेवल बैठक में विधायक ने दो-टूक शब्दों में काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
गर्डर तैयार… फिर देरी क्यों? अधिकारियों की ली क्लास
बैठक में PWD के मुख्य अभियंता श्री माने, उपमुख्य अभियंता, और कार्यकारी अभियंता रामटेके सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद थी। सूत्रों के मुताबिक, काम की कछुआ चाल को देखकर विधायक अग्रवाल ने अधिकारियों की अच्छी-खासी ‘क्लास’ लगा दी। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि यह प्रोजेक्ट अब तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन विभाग की लापरवाही और सुस्ती के कारण जनता आज भी जाम से जूझ रही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पुल के लिए जरूरी स्टील गर्डर साइट पर आ चुके हैं, फिर भी काम क्यों रुका हुआ है? इस पर विधायक ने भारी नाराजगी जताई।
31 अगस्त तक , 100% काम पूरा करने की ‘डेडलाइन’
विधायक विनोद अग्रवाल ने आर-पार का मूड बनाते हुए ठेकेदार और अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया है कि
अगले 2 से 3 दिनों के भीतर हर हाल में गर्डर बैठाने का काम ऑन-फील्ड शुरू हो जाना चाहिए।
31 अगस्त तक गर्डर लगाने का काम 100% पूरा करने की सख्त ‘डेडलाइन’ दे दी गई है। विधायक अग्रवाल ने यह भी साफ किया कि जैसे ही PWD का यह काम पूरा होगा, वो तुरंत रेलवे के महाप्रबंधक (GM) और मंडल रेल प्रबंधक (DRM) के साथ एक स्पेशल मीटिंग करेंगे, ताकि रेलवे के हिस्से वाले काम को भी रफ्तार से पूरा कराया जा सके और गोंदिया की जनता को इस ओवरब्रिज की सौगात जल्द से जल्द मिल सके।
रवि आर्य





