
गोंदिया। कहते हैं किसी प्यासे को पानी पिलाने और भूखे को भोजन कराने से बड़ा कोई पुण्य नहीं होता। गोंदिया के कुंवर तिलक सिंह (KTS) जिला सामान्य अस्पताल परिसर ने इसी इंसानियत की ऐसी नजीर पेश की है, जिसने सेवा का नया कीर्तिमान गढ़ दिया है।
ताप्ती सेवा समिति द्वारा अस्पताल में भर्ती लाचार मरीजों और उनके परिजनों के लिए शुरू की गई नि:शुल्क भोजन सेवा ने अपने 3000 दिन (साढ़े आठ वर्ष) का सफर पूरा कर लिया है।इस उपलक्ष्य में संस्था द्वारा एक मार्गदर्शन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
साढ़े 8 साल से 700 पेट रोज़ भर रही ‘ ताप्ती सेवा ‘
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते संस्था अध्यक्ष कालूराम अग्रवाल ने बताया कि- ताप्ती सेवा समिति द्वारा अस्पताल में दाखिल मरीजों और उनके परिजनों के लिए प्रतिदिन दोपहर और शाम , दोनों वक्त गर्मा गर्म शुद्ध सात्विक और पौष्टिक भोजन पूरे आदर के साथ परोसा जाता है , रोजाना लगभग 700 जरूरतमंद निशुल्क भोजन सेवा का लाभ पा रहे हैं इसके साथ ही संस्था दिव्यांगजनों की सेवा के लिए विशेष उपक्रम चला रही है।
थाली की , अखंड तपस्या को दिग्गजों ने किया सलाम
समारोह में धर्म, समाज और राजनीति के शीर्ष चेहरों ने एक साथ पहुंचकर इस अनूठी तपस्या को नमन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य साईं टेऊंराम आश्रम के महंत भोलाराम जी, नगराध्यक्ष सचिन शेंडे और स्थानीय विधायक विनोद अग्रवाल की प्रतिनिधि के रूप में उनकी धर्मपत्नी सविता अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
मंच पर मौजूद तमाम गणमान्य अतिथियों ने ताप्ती सेवा समिति के इस निस्वार्थ सेवाभाव की मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि जब अपने भी अस्पताल की भागदौड़ में हिम्मत हार जाते हैं, तब ताप्ती सेवा समिति परिवार की एक मजबूत ढाल बनकर सामने खड़ी होती है। 3000 दिनों तक हर दिन दो वक्त चूल्हा जलाकर सैकड़ो भूखों को भोजन परोसना कोई साधारण बात नहीं, बल्कि ईश्वरीय संकल्प का साक्षात प्रमाण है।
अतिथियों ने समिति के सभी निस्वार्थ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की हौसला अफजाई करते हुए इस सेवा यज्ञ को एक अनुकरणीय मिसाल करार दिया।
बता दें कि धर्म नगरी गोंदिया की पावन धरती से शुरू हुआ यह ‘ अन्नपूर्णा अभियान ‘ आज पूरे देश के लिए एक प्रेरणा बन चुका है।
रवि आर्य



