गोंदिया : गोंदिया में एंबुलेंस चालक अनमोल उर्फ शंभू रंगारी की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। जिस ब्लाइंड मर्डर ने पूरे जिले को दहला दिया था, उसमें मृतक का सगा साला ही हत्या का मास्टरमाइंड निकला। लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने मुख्य आरोपी साले सहित तीन कथित सुपारी किलर्स को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार निवासी नीरज तुलसीकुमार बंसोड (28) ने अपने जीजा अनमोल उर्फ शंभू रंगारी (35) की हत्या की साजिश रची थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने मध्यप्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर से तीन युवकों को बुलाया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित उर्फ आयुष्य नहार बंशकार (19), निशांत मंगल बंशकार (19) और राहुल नंदा मिश्रा (32) शामिल हैं।
बहन की परेशानियों से नाराज था साला
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अनमोल शराब का आदी था और कथित तौर पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसके दूसरी महिला से संबंध होने की बात भी जांच में सामने आई है। बहन की परेशानियों से नाराज नीरज ने अपने जीजा को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में मृतक की पत्नी की किसी भूमिका के सबूत नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बहन की स्थिति से परेशान होकर नीरज ने ही हत्या की पूरी योजना बनाई थी।
बाइक बेचने के बहाने रची गई साजिश
पुलिस के मुताबिक, जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल मृतक करता था, उसके खरीदने में कुछ रकम नीरज ने भी दी थी और वाहन उसके नाम पर था। इसी बात का फायदा उठाते हुए उसने अनमोल को बताया कि उसका एक परिचित बाइक खरीदना चाहता है।
घटना वाले दिन अनमोल को फोन कर बाइक दिखाने और साथ में दारू पार्टी करने के लिए बुलाया गया। पहले एक आरोपी को बाइक खरीदार के रूप में उससे मिलवाया गया ताकि उसे किसी तरह का शक न हो।
शराब पार्टी के दौरान किया गया हमला
योजना के अनुसार सभी आरोपी किसान चौक-तुमखेड़ा रोड स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट में पहुंचे। नीरज दारू लाने के बहाने गया और घर से एक सब्बल भी साथ ले आया, जिसे अंधेरे में छिपाकर रख दिया गया।
बाइक के सौदे की बातचीत के बाद शराब पार्टी शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, जब अनमोल नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तब आरोपियों ने सब्बल से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में उसका चेहरा बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश
वारदात के बाद आरोपियों ने हत्या को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। मृतक की बाइक को घटनास्थल से दूर ले जाकर लावारिस हालत में छोड़ दिया गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर एलसीबी टीम ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
24 घंटे में सुलझी ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी
रामनगर थाना क्षेत्र में महिला हत्या के मामले के बाद यह दूसरी बड़ी सनसनीखेज वारदात थी, जिसने पूरे जिले में दहशत फैला दी थी। किसान चौक के पास खाली प्लॉट में अनमोल रंगारी का शव मिलने के बाद पुलिस ने इसे ब्लाइंड मर्डर मानकर जांच शुरू की थी।
जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मार्गदर्शन और पुलिस निरीक्षक अहेरकर के नेतृत्व में लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने तेजी से जांच करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
मृतक अनमोल रंगारी पेशे से एंबुलेंस चालक था और निजी वाहन भी चलाता था। वह विवाहित था और दो बच्चों का पिता था। उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Nagpur Crime: मानकापुर में ₹6.64 लाख की चोरी का खुलासा! #NagpurNews #MankapurNews...
Nagpur: 11 साल की बच्ची से Instagram पर अश्लील चैट का आरोप...
नागपुर के अंबाझरी तालाब में कूदी 16 साल की किशोरी #NagpurNews #AmbazhariLake...
नागपुर में किराना दुकान लूट का खुलासा! चाकू की नोक पर लूट...
अमरावती में नवजात मौतों पर विजय वडेट्टीवार का सरकार पर हमला! #MaharashtraNews...
जालना में भांजी को अपशब्द कहने पर युवक की हत्या! #Crime #MaharashtraNews...





