नागपुर: नागपुर जिले के सावनेर तहसील अंतर्गत केलवद थाना क्षेत्र में छिंदवाड़ा-नागपुर रेल मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे खुरजगांव स्थित रेलवे पोल नंबर 1362/4 के पास हुई। मृतक की पहचान मन्नूलाल रामाजी उईके (50), निवासी खुरजगांव, के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छिंदवाड़ा से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड ने केलवद पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक आशीषसिंह ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का पंचनामा किया।
शव को सावनेर ग्रामीण अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फिलहाल केलवद पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।





