
नागपुर – कामगार महिला द्वारा कारखाना संचालक की पत्नी को पैसों के लेन-देन की जानकारी देने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद कारखाना संचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में बरामद सुसाइड नोट के आधार पर नई कामठी पुलिस ने महिला कामगार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, कामठी तहसील के येरखेड़ा निवासी प्रमोद रामटेके (55) रीना फूड्स नाम से चकली बनाने का कारखाना चलाते थे। 25 अगस्त को उन्होंने कारखाने में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
जांच के दौरान सामने आया कि घटना से एक दिन पहले प्रमोद ने कारखाने में काम करने वाली कामिनी डोनारकर (35) के खाते में ऑनलाइन 2 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इस लेन-देन की जानकारी कामिनी ने फोन कर प्रमोद की पत्नी रीना को दी। साथ ही दोबारा पैसे ट्रांसफर करने पर प्रमोद के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की बात कही थी।
इसके बाद रीना ने अपने पति से पैसों के संबंध में पूछताछ की। प्रमोद ने कथित तौर पर बताया कि रकम किसी अन्य व्यक्ति को भेजी जानी थी और गलती से कामिनी के खाते में चली गई। हालांकि, इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया।
घटना के बाद पुलिस को मिले सुसाइड नोट में प्रमोद ने कामिनी द्वारा पैसों के लेन-देन की जानकारी पत्नी को देने और उसके चलते पति-पत्नी के बीच विवाद पैदा होने का उल्लेख किया था। नोट में महिला पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया गया है।
सुसाइड नोट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नई कामठी पुलिस ने शुक्रवार को कामिनी डोनारकर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।




