नागपुर: नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है। पुलिस ने गांजे समेत करीब ₹56 हजार का माल जब्त किया है।
यह कार्रवाई धंतोली थाना क्षेत्र के तकिया इलाके में बिरसा मुंडा हॉल के पास स्थित आरोपी के घर पर की गई।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान 2 किलो 69 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹41 हजार है। इसके अलावा ₹15 हजार कीमत का एक मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जब्त किए गए पूरे माल की कुल कीमत करीब ₹56 हजार बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में आसिफ आरिफ खान को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शैलेश विजय सोनटक्के की तलाश जारी है।
धंतोली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए धंतोली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।





