नागपुर: नागपुर के कलमना थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई घरफोड़ चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से ₹6.11 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मिनी माता नगर निवासी लोकनाथ यादव 1 जुलाई की सुबह अपने घर में ताला लगाकर दुकान पर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुस गए और अलमारी में रखी ₹2,000 नकद राशि तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹9.16 लाख बताई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद कलमना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर गौरव सचिन पालिवाल को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ₹6.11 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।
पुलिस अब चोरी गए शेष सामान की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।





